Newsअंतागढ़कांकेररायपुर

125 दिन रोजगार, 261 रुपये मजदूरी’ – आमागांव व कल्लेपरस में भाजपा की जन चौपाल, विकसित भारत 2047 को लेकर किया सीधा संवाद

अंतागढ़, 26 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा मंडल अंतागढ़ द्वारा ग्राम पंचायत आमागांव एवं ग्राम पंचायत कल्लेपरस में रोजगार गारंटी योजना के कार्यस्थलों पर पहुंचकर जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका मिशन (VBGRAMG) के नए नियमों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा में व्यापक संशोधन करते हुए VBGRAMG के अंतर्गत 100 दिनों की बजाय 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया है। 1 अप्रैल 2025 से 261 रुपये प्रतिदिन मजदूरी निर्धारित की गई है तथा भुगतान 15 दिनों के भीतर अनिवार्य किया गया है। देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान भी जोड़ा गया है।


कार्यक्रम में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 विजन के तहत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य है। जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका अवसंरचना और चरम मौसम से सुरक्षा जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। कृषि मौसम को ध्यान में रखते हुए 60 दिनों की “ब्रीदिंग स्पेस” अवधि का प्रावधान किसानों को राहत देने वाला कदम बताया गया। साथ ही जियो-टैगिंग और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से पारदर्शिता बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की बात कही गई।कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए राज्य बजट की भी जानकारी दी गई।


मंडल प्रभारी गोलू महावे, मंडल अध्यक्ष महेश उइके, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र आचला, युवा मोर्चा जिला पदाधिकारी कैलाश पोटाई, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष हुप्पू साहू, सरपंच द्रोपती ध्रुव, पूर्व सरपंच कुंवर सिंह ध्रुव सहित अन्य पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक कार्यस्थल पर पहुंचकर सीधा संवाद कर रहे हैं, ताकि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।