महिला आक्रोश रैली मे शामिल हुई भाजपा मोर्चा की महिलाएं
विपक्ष का संसद में महिला आरक्षण बिल के खिलाफ मतदान करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण : चंद्रकला
अंतागढ़ : नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने सोमवार को राजधानी रायपुर में कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ प्रदेश स्तरीय महिला आक्रोश रैली का आयोजन कर जन आक्रोश पदयात्रा निकालते हुए पुतला दहन किया।

जनआक्रोश यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, डिप्टी सीएम अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े और लक्ष्मी वर्मा समेत जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और पूरे प्रदेश भर से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि यह महिलाओं का आक्रोश है और इंडी महागठबंधन महिला विरोधी है।

उक्त जन आक्रोश कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा मंडल अंतागढ़ से मोर्चा की महिलाएं भी शामिल हुई। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के गिरने को भाजपा महिला मोर्चा ने बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। कांग्रेस द्वारा महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने वाली साजिश बताया है। भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष चंद्रकला कौशल ने इस पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विपक्ष का संसद में इस बिल के खिलाफ मतदान करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है साथ ही इसे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ कदम बताया ।

