कांकेर में 19 अगस्त को पिछड़ा वर्ग समाज की विशाल रैली व धरना, तैयारियों को लेकर बैठक
अंतागढ़। सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की बैठक पुलिया के पास स्थित सांस्कृतिक भवन में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 19 अगस्त 2026 को कांकेर में आयोजित होने वाली विशाल रैली एवं एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।बैठक में उपस्थित समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछड़ा वर्ग समाज की विभिन्न मांगों को लेकर 19 अगस्त को कांकेर में विशाल रैली निकालकर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। कार्यक्रम में सभी समाज के लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान समाज के लोगों से अपील की गई कि प्रत्येक घर से कम से कम दो व्यक्ति अपने स्वयं के खर्च पर कांकेर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हों, ताकि पिछड़ा वर्ग समाज की एकजुटता और मांगों को मजबूती से शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जा सके।

बैठक में सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी नाथ प्रधान, कलार समाज ब्लॉक अध्यक्ष ललित बघेल, यादव समाज ब्लॉक अध्यक्ष रुद्र प्रताप यादव, मरार समाज से बेदू लाल पटेल, वीरेंद्र पटेल, नंदकिशोर आड़े, राकेश गुप्ता, अमरचंद नागराज, जोहरू यादव, बृज लाल यादव, नरेश यादव, निर्मल, यमुना पटेल, कुमारी साहू, पुष्पा यादव, नम्रता, बाल मोतीन, वेदवती सहित बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सभी समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने 19 अगस्त के कांकेर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।

