विश्व आदिवासी दिवस पर यातायात एवं कानून व्यवस्था में सहयोग करने वाले वॉलिंटियर्स सम्मानित
अंतागढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के साथ-साथ गत 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर नगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में आदिवासी समाज के नौजवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने वाले आदिवासी समाज के वॉलिंटियर्स को कांकेर पुलिस की ओर से सम्मानित किया गया।

एसडीओपी संतोष कुमार जैन ने आदिवासी समाज के इन युवा वॉलिंटियर्स के सेवा भाव और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजन को सफल बनाने में आम नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण होती है। विशेष रूप से युवाओं द्वारा अनुशासन के साथ यातायात व्यवस्था संभालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करना सराहनीय पहल है।

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच यातायात को सुचारु बनाए रखने, लोगों को व्यवस्थित तरीके से आवागमन कराने तथा कार्यक्रम स्थल पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में वॉलिंटियर्स ने सक्रिय भूमिका निभाई। उनके सहयोग से पुलिस एवं प्रशासन को भी व्यवस्था संभालने में काफी मदद मिली।

सम्मान समारोह के दौरान एसडीओपी संतोष कुमार जैन ने कहा कि समाज के युवाओं में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना होती है। यदि युवा इसी तरह सकारात्मक भूमिका निभाते हुए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तो क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने आदिवासी समाज के नौजवानों से अपील की कि भविष्य में भी सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा कानून-व्यवस्था कायम करने में कांकेर पुलिस का इसी प्रकार सहयोग करते रहें।

पुलिस की ओर से वॉलिंटियर्स को सम्मानित किए जाने से आदिवासी समाज के युवाओं में भी उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित एवं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

