अंतागढ़कांकेरराजनीतिरायपुर

कलगांव में नाली निर्माण की तराई पर सवाल, सड़क निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराए सरकार: नरेन्द्र नाग

अंतागढ़, 26 अक्टूबर 2026। अंतागढ़–नारायणपुर सड़क निर्माण के तहत ग्राम कलगांव में बन रही सड़क एवं नाली की गुणवत्ता को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतागढ़-नारायणपुर सड़क किनारे निर्माणाधीन नाली में एक सप्ताह के दौरान पानी डालकर तराई किए जाने की प्रक्रिया नजर नहीं आई। उन्होंने इस संबंध में मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

नरेन्द्र नाग ने कहा कि कंक्रीट निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुसार तराई करना मजबूती और टिकाऊपन के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए संबंधित अधिकारियों को नाली निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, तराई की प्रक्रिया और गुणवत्ता की तकनीकी जांच करनी चाहिए। जांच में कोई कमी पाए जाने पर नियमानुसार सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि जनता के धन का सही उपयोग हो और निर्माण लंबे समय तक टिकाऊ रहे।