अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेररायपुर

मुल्ले आयुष्मान आरोग्य मंदिर का आकस्मिक निरीक्षण

साफ-सफाई, दवा रखरखाव और संस्थागत प्रसव व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

अंतागढ़। विकासखंड अंतागढ़ के अति सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम मूल्ले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का 10 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने साफ-सफाई, संस्थागत प्रसव की सुविधा, दवाइयों के रखरखाव सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष का अवलोकन कर संस्थागत प्रसव के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही केंद्र में उपलब्ध औषधियों के रखरखाव की स्थिति की जांच की गई तथा एक्सपायरी दवाइयों की नियमित जांच करने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया। स्वास्थ्य केंद्र के भवन में आवश्यक रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य कराने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर्मचारियों को मुख्यालय में रहकर नियमित रूप से सेवाएं देने के लिए निर्देशित किया, ताकि दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्कूल में स्वास्थ्य परीक्षण और HPV टीकाकरण की जानकारी

निरीक्षण दल ने ग्राम मूल्ले के हायर सेकेंडरी स्कूल का भी भ्रमण किया। यहां शिक्षकों से चिरायु टीम द्वारा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने विद्यालय में एचपीवी टीकाकरण के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी तथा जिन विद्यार्थियों का टीकाकरण अभी शेष है, उनका शीघ्र टीकाकरण कराने के लिए सुझाव दिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके रामटेके, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक नोमेत कुमार गावड़े, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आमाबेड़ा मनोज सिंगरौल, प्रभारी खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी केके सिन्हा एवं सेक्टर सुपरवाइजर देवेंद्र कुमार ठाकुर उपस्थित रहे।