कांकेर जिले में 28 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका, जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
कांकेर। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कांकेर जिले में 28 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसानों को फसलों की कटाई और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों को तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

