मौसम खराब होने की आशंका, बस्तर ओलंपिक स्थगित करने की मांग
सर्व आदिवासी समाज ने जिला प्रशासन से की अपील, 28 अक्टूबर को अंतागढ़ में होना है आयोजन
अंतागढ़। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम खराब होने की आशंका और जिले में स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित किए जाने के मद्देनजर सर्व आदिवासी समाज ने 28 अक्टूबर को अंतागढ़ के उन्मुक्त खेल मैदान में आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक को स्थगित करने की मांग की है। समाज का कहना है कि मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। ऐसे में बस्तर ओलंपिक जैसे बड़े आयोजन पर भी मौसम का असर पड़ सकता है। खराब मौसम में खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है।

गौरतलब है कि बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन पहले अंतागढ़ नगर से लगे ग्राम पंचायत कलगांव में किया जाना था, लेकिन अब इसे स्थानांतरित कर 28 अक्टूबर को अंतागढ़ के उन्मुक्त खेल मैदान में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, आदिवासी विकासखंड अंतागढ़ के कार्यालय से आयोजन के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी संबंधी आदेश भी जारी किया गया है । सर्व आदिवासी समाज ने जिला प्रशासन से मौसम की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा 28 अक्टूबर को प्रस्तावित बस्तर ओलंपिक को स्थगित करने की मांग की है।

