कांकेरराजधानीराजनीतिरायपुर

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने की सर्व समाज की अहम बैठक: उद्योगों को लेकर भ्रांतियों को दूर करने पर जोर, अफवाहों से बचने की अपील

कांकेर। बस्तर क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना और विकास कार्यों को लेकर फैल रही विभिन्न भ्रांतियों और अफवाहों के बीच छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांकेर प्रवास के दौरान एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक की। जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक में सर्व समाज और आदिवासी समाज के प्रमुख प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई। सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज प्रमुखों ने क्षेत्र के विकास, स्थानीय संस्कृति की सुरक्षा और आदिवासियों के हितों से जुड़े कई मुद्दों और सुझावों को डिप्टी सीएम के समक्ष रखा।

अफवाहों से सावधान रहने की जरूरत: उपमुख्यमंत्री

सर्व समाज की बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि बस्तर में उद्योगों को लेकर तरह-तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं, जैसे कि आदिवासी समाज के अस्तित्व या उनकी संस्कृति पर कोई खतरा है। उन्होंने कहा, “ऐसी कोई बात नहीं है। बस्तर की संस्कृति और सभ्यता को लेकर हमारी सरकार पूरी तरह गंभीर है और इससे किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब बस्तर में विकास के मार्ग प्रशस्त हो रहे हैं। एनएमडीसी और कुछ अन्य कंपनियां पहले से ही यहां काम कर रही हैं। लोगों को विकास की सही जानकारी होनी चाहिए और किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

रावघाट अवैध कटाई मामले में होगी कड़ी कार्रवाई

बैठक के दौरान जब समाज प्रमुखों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने रावघाट इलाके में पेड़ों की अवैध कटाई का गंभीर मामला उठाया, तो डिप्टी सीएम ने इस पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कड़ा आश्वासन देते हुए कहा, “रावघाट इलाके में अवैध कटाई के मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ पर्याप्त और कड़ी कानूनी कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी। इसमें किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।” इस बैठक के बाद अब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि सरकार पर्यावरण संतुलन को बनाए रखते हुए बस्तर के विकास को नई दिशा देगी और रावघाट मामले के दोषियों पर जल्द ही गाज गिरेगी।