उमकी प्राथमिक शाला में मना शाला प्रवेश उत्सव
भानुप्रतापपुर। आमाकोट संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव ग्राम उमकी के प्राथमिक शाला में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच उमेश पोटाई रहे। उन्होंने नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर मुंह मीठा कराकर विद्यालय में प्रवेश कराया। साथ ही सभी बच्चों को गणवेश वितरण किया गया। इस अवसर पर सरपंच उमेश पोटाई ने अपने उद्बोधन कहा आमाकोट संकुल के इस शाला प्रवेश उत्सव में आप सबके बीच आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। सबसे पहले मैं आप सभी बच्चों को स्कूल में प्रवेश लेने पर दिल से बधाई देता हूं। आज आपके चेहरे की चमक देखकर लगता है कि गांव का भविष्य बहुत उज्ज्वल है।बच्चों, शिक्षा ही वो ताकत है जो इंसान को अंधकार से उजाले की ओर ले जाती है। आप लोग मन लगाकर पढ़ाई करो। कल यही बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, कलेक्टर बनकर गांव का नाम रोशन करेंगे। हमारे संकुल के 3 बच्चे वर्तिका, महेश और रंजीत का एकलव्य स्कूल में चयन होना हम सबके लिए गर्व की बात है। मैं चाहता हूं हर साल ऐसे 30 बच्चे यहां से निकलें।पालकगण से मेरा निवेदन है कि आप अपने बच्चों को स्कूल भेजें। बेटा-बेटी में फर्क न करें। लड़कियां भी पढ़-लिखकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। स्कूल की पढ़ाई के साथ बच्चों को संस्कार भी दें। मैं आप सबको आश्वासन देता हूं – इस स्कूल में पढ़ाई की कोई कमी नहीं होगी। बिजली की दिक्कत हो, पीने का पानी हो या शौचालय की सफाई – ये सब मेरी जिम्मेदारी है। गांव के विकास का हर पैसा स्कूल और बच्चों पर खर्च होगा। तकनीकी मदद चाहिए, कंप्यूटर चाहिए, खेल का सामान चाहिए – आप बस मांग रखो।और हां, मैंने आज घोषणा की है कि जो भी बच्चा 10वीं-12वीं में संकुल में टॉप करेगा, उसे मैं ₹5000 की प्रोत्साहन राशि दूंगा। ये राशि छोटी है, पर मेरा मकसद है कि बच्चों का हौसला बढ़े।अंत में एक बार फिर सभी नव प्रवेशी बच्चों को मेरी तरफ से ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं। आप पढ़ो, आगे बढ़ो और भानुप्रतापपुर का नाम रोशन करो

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री पोटाई ने संकुल के 3 होनहार बच्चों को सम्मानित किया जो एकलव्य विद्यालय में चयनित हुए हैं: कु. वर्तिका कोर्राम – प्राथमिक शाला लामान महेश कोवड़ो- प्राथमिक शाला गदाम पारा रंजीत कल्लो- प्राथमिक शाला टुटापिपली तीनों बच्चों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।श्री पोटाई ने घोषणा की कि अगले वर्ष संकुल स्तर पर 10वीं व 12वीं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को ₹5000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इस अवसर पर भुनेश्वर साहू संकुल प्राचार्य संकुल केंद्र आमाकोट,शांतूराम कल्लो उप सरपंच,अजय साहू अध्यक्ष प्रेस क्लब भानुप्रतापपुर,सावित्री दर्रो शाला प्रबंधन समिति उमकी देवलाल नूरेटी प्रधान अध्यापक गोविंद साहू प्रधान अध्यापक रामचरण दर्रो हरिचंद नूरेटी सरतू राम नूरेटी भुवनेश्वर कुंजाम रामाधार साहू लादूराम आचला शमिला उयके सनाय मरकाम संजय ठाकुर किरण सिंह पोटाई संकुल समन्वयक निर्मल भास्कर भानु शंकर दर्रो सुरेश कोरेटी पूर्णिमा डोमेन जैन चंदन सरफे अशोक पिस्दा डोमेन्द्र साहू समेत शिक्षक शिक्षिकाएं पालक एवं बच्चे उपस्थित रहे।ध

