अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरराजनीतिरायपुर

देर रात ग्रामीणों के बीच पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, किसकोड़ो में सुनी समस्याएं

जहां कभी था माओवाद का साया, अब वहां हो रहा सकारात्मक बदलाव : विजय शर्मा

अंतागढ़। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने अंतागढ़ विकासखंड के अतिसंवेदनशील एवं माओवादी प्रभाव वाले क्षेत्र किसकोड़ो पहुंचकर ग्रामीणों के साथ देर रात तक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उपमुख्यमंत्री का ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और कुछ आवश्यक मांगों को भी उनके समक्ष रखा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए तथा कहा कि सरकार सुदूर वनांचल क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

देर रात गांव में रुककर ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों को कभी माओवादी गतिविधियों के कारण विकास से वंचित रहना पड़ा, वहां अब तेजी से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं। सड़कों का विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से ग्रामीणों का शासन-प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है।

ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में बदले हालात पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब गांवों में विकास कार्यों की गति बढ़ी है और शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की। माओवादी प्रभाव वाले क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री का देर रात पहुंचकर ग्रामीणों के बीच रुकना और सीधे संवाद स्थापित करना क्षेत्र में सुशासन एवं विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश माना जा रहा है।