अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ारायपुर

अंतागढ़ में आप ने मनाया अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन, संगठन विस्तार पर जोर

पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज राजा खान ने दोबारा ग्रहण की पार्टी की सदस्यता, मोनू सलाम व रिंकू आचला सहित नए सदस्यों ने भी थामा आप का दामन

अंतागढ़। आम आदमी पार्टी अंतागढ़ के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल जीवन की कामना की तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी की आवाज को मजबूती से उठाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े मुद्दों को राजनीति के केंद्र में लाने का काम किया है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर भी चर्चा हुई।

पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज राजा खान की पार्टी में वापसी

कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज राजा खान ने पुनः पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके पुनः पार्टी में शामिल होने से अंतागढ़ क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। इस अवसर पर मोनू सलाम, रिंकू आचला सहित अन्य लोगों ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

अंतागढ़ विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी समय में अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूत स्थिति में पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारी में जुटने और गांव-गांव, बूथ-बूथ तक पहुंचकर आम जनता की समस्याओं को समझने व उन्हें मजबूती से उठाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं से है और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर जमीनी स्तर पर काम करेंगे तो पार्टी को आने वाले समय में इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने संगठन विस्तार, जनसंपर्क और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने एकजुटता, संघर्ष और संगठन की मजबूती के साथ अंतागढ़ में बदलाव की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मेहर सिंह वट्टी, प्रदेश संगठन मंत्री तेजेंद तोड़ेकर, परवेज राजा खान, जिला महासचिव शिव पोटाई, जोन प्रभारी राजू सलाम, ऋषिकेश मजूमदार, नरेंद्र नाग, बारसु हुपेंडी, संजय देव, सुनहेर हिड़को, करन सिंह, रोहित कोमरा, बिनु प्रचापी, नकुल कोमरा, सूरज देव, हेमराज दुग्गा, सुजीत, बृज आचला, मनोज हिड़को, राजेश हुपेंडी, जय राम, मुकेश हिड़को, सुरेश धुर्वा, कमल, सुखमन, संदीप, नरसिंह, सहदेव, सुरेंद्र, बंशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।