अंतागढ़कांकेररायपुर

जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूसे मोहम्मदी, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ

अंतागढ़। अंजुमन इस्लामिया कमेटी एवं मुस्लिम समाज अंतागढ़ द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मुबारक मौके पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ देश और पूरी दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे एवं मोहब्बत कायम रहने की दुआ की गई।कार्यक्रम के पहले दिन 25 अगस्त 2026 को नबी-ए-पाक की पैदाइश के मुबारक मौके पर मस्जिद में मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में नातिया कलाम पेश किए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नातिया कलाम से उपस्थित लोगों में उत्साह और अकीदत का माहौल बना रहा। इसके बाद मौजूदा पेश इमाम हाफिज सलाम रिजवी ने नबी-ए-पाक की पैदाइश और उनके जीवन एवं शिक्षाओं पर विस्तार से रोशनी डाली।मिलाद शरीफ के पश्चात सलातो-सलाम पढ़ा गया और हिंदुस्तान में अमन-चैन, शांति एवं खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। समाज के लोगों ने नबी-ए-पाक की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।

जुलूसे मोहम्मदी में उमड़ा समाज

वहीं 26 अगस्त 2026 को मस्जिद अंतागढ़ से जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। जुलूस नगर के प्रमुख एवं खास-खास स्थानों से होते हुए कब्रिस्तान पहुंचा, जहां मरहूमों के लिए विशेष दुआ की गई।कब्रिस्तान से जुलूस वापस रजा मस्जिद अंतागढ़ पहुंचा। यहां परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके बाद मुये मुबारक की जियारत कराई गई। तत्पश्चात सलातो-सलाम और फातिया पढ़ी गई। इस दौरान हिंदुस्तान सहित पूरी दुनिया में अमन-चैन, शांति, आपसी भाईचारा और मोहब्बत कायम रहने के लिए अल्लाह ताला से दुआ मांगी गई।जुलूसे मोहम्मदी के दौरान समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक नारों एवं नातिया कलाम से वातावरण गूंजता रहा। आयोजन के माध्यम से समाज ने शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।

मरीजों को फल वितरित कर की जल्द स्वस्थ होने की कामना

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज अंतागढ़ द्वारा सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। समाज के सदस्यों ने मरीजों का हालचाल जाना तथा उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस पहल के माध्यम से समाज ने धार्मिक आयोजन के साथ मानव सेवा का संदेश भी दिया।

समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में समाज के सदर अनीश खान, मुनीर खान, जहांगीर, हनीफ खान, अय्यूब खान, लतीफ खान, तबरेज राजा, मोहीब खान, एजाज खान, इशहाक खान, आरिफ खान, आसिफ खान सहित मुस्लिम समाज के अन्य सदस्य मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान अकीदत, उत्साह और भाईचारे का माहौल बना रहा तथा जश्ने ईद मिलादुन्नबी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।