अंतागढ़कांकेररायपुर

नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब

स्कूली बच्चों व नगरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर लगाए देशभक्ति के नारे

अधिकारी-कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर लोगों में दिखी नाराजगी

अंतागढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्मुक्त खेल मैदान से शुरू हुई यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोल्डन चौक तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, युवा एवं नगरवासी हाथों में तिरंगा झंडा लेकर शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से नगर का वातावरण गुंजायमान कर दिया।तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच नगरवासियों ने राष्ट्रप्रेम एवं एकता का संदेश दिया। यात्रा में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम् सहित विभिन्न देशभक्ति के नारे लगाए।

स्कूली बच्चों को बांटा पानी और बिस्कुट

यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों की सुविधा को देखते हुए अंतागढ़ भाजपा मंडल की ओर से बच्चों को पानी एवं बिस्कुट का वितरण किया गया। तेज धूप और गर्मी के बीच बच्चों को पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रा में शामिल बच्चों को काफी राहत मिली।

अधिकारियों-कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर लोगों में नाराजगी

तिरंगा यात्रा में जहां बड़ी संख्या में नगरवासी और स्कूली बच्चे शामिल हुए, वहीं नगर के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। नगरवासियों का कहना था कि राष्ट्रहित से जुड़े इस आयोजन में प्रशासन के विभिन्न विभागों की भागीदारी दिखाई देनी चाहिए थी। लोगों ने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित तिरंगा यात्रा में कलेक्टर, एसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। ऐसे में अंतागढ़ नगर में आयोजित तिरंगा यात्रा में भी प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रहती तो आयोजन की गरिमा और बढ़ती।

इसके बावजूद नगरवासियों, युवाओं और स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। यात्रा के माध्यम से नगर में राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।