अंतागढ़कांकेररायपुर

नवागढ़ साप्ताहिक बाजार में जिला बनाने की मांग को मिला व्यापक समर्थन

अंतागढ़। अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के तहत गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को अंतागढ़ ब्लॉक के नवागढ़ साप्ताहिक बाजार में अंतागढ़ जिला बनाओ संघर्ष समिति द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग का समर्थन किया।हस्ताक्षर अभियान के दौरान बाजार में पहुंचे करीब 700 ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अंतागढ़ को जिला बनाने के लिए अपना समर्थन दर्ज कराया। इस अभियान में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से अंतागढ़ क्षेत्र को जिला बनाने की मांग उठती रही है और अब इस मांग को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

संघर्ष समिति के सदस्यों ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए बताया कि अंतागढ़ को जिला बनाने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। वर्तमान में विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों को समय और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, प्रशासनिक व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।नवागढ़ साप्ताहिक बाजार में आयोजित अभियान के दौरान हस्ताक्षर करने पहुंचे ग्रामीणों में जिला बनाने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं और युवाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग केवल किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनभावना है।

अंतागढ़ जिला बनाओ संघर्ष समिति द्वारा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और बाजारों में हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों से समर्थन जुटाया जा रहा है। समिति का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। नवागढ़ में एक ही दिन में लगभग 700 लोगों द्वारा हस्ताक्षर किए जाने को समिति ने अभियान के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का महत्वपूर्ण संकेत बताया।