हर घर तिरंगा अभियान के तहत 28वीं वाहिनी ने निकाली भव्य मोटरसाइकिल रैली
तिरंगा लहराते जवानों ने दिया देशभक्ति का संदेश, स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अंतागढ़। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 28वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, अंतागढ़ द्वारा 14 अगस्त को भव्य एवं प्रेरणादायक मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। मोटरसाइकिल रैली का शुभारंभ वाहिनी परिसर से हुआ। तिरंगा हाथों में लेकर जवान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नगर अंतागढ़ पहुंचे। रैली के दौरान जवानों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ जैसे देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

सड़कों से गुजरते तिरंगा लहराते मोटरसाइकिलों के काफिले ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और लोगों में देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया। रैली का नेतृत्व श्री राजन राय, उप-कमांडेंट द्वारा किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं बलकर्मी तिरंगा लहराते हुए रैली में शामिल हुए। उप-कमांडेंट राजन राय ने बलकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य देश की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता की रक्षा करना है। उन्होंने सभी से राष्ट्र के सम्मान, सुरक्षा और गौरव के लिए सदैव तत्पर रहने तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
रैली में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। बच्चों के उत्साह और देशभक्ति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। इस अवसर पर 28वीं वाहिनी ने राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ देश की एकता, अखंडता एवं गौरव की रक्षा करने का संकल्प दोहराया। रैली के माध्यम से नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

