अंतागढ़कांकेरराजनीतिरायपुर

मुख्यमंत्री के दौरे का आप करेगी विरोध, काले झंडे दिखाने का ऐलान

स्कूल, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और जिला बनाने की मांग को लेकर सरकार पर साधा निशाना

अंतागढ़। मुख्यमंत्री के आगामी अंतागढ़ दौरे को लेकर आम आदमी पार्टी ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के जिला महासचिव शिव पोटाई ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाकर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं बस्तर लोकसभा प्रभारी नरेंद्र नाग ने आरोप लगाया कि खनन गतिविधियों के कारण क्षेत्र की सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ा है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

आप नेताओं ने अंतागढ़ के कई स्कूल भवनों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की मांग की। वहीं वर्षों पुरानी अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग पर सरकार से स्पष्ट पहल करने की मांग की गई।स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर ब्लॉक अध्यक्ष सुनहेर हिड़को ने कहा कि गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ता है। उन्होंने अंतागढ़ में प्रस्तावित सिविल अस्पताल का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग की।पार्टी ने रावघाट माइंस में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता रखने और रोजगार के अवसरों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई। यूथ विंग जिला अध्यक्ष बारसु हुपेंडी ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।आप ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर सरकार से अंतागढ़ की समस्याओं पर स्पष्ट जवाब मांगा जाएगा।