अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ारायपुर

मूसलाधार बारिश से अंतागढ़ बेहाल, कई गांवों का संपर्क टूटा

नदी-नाले उफान पर, पुलों के ऊपर से बह रहा पानी; इंटरनेट सेवा भी ठप, आवागमन प्रभावित

अंतागढ़। अंतागढ़ क्षेत्र में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं कई मार्गों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है। हालात यह हैं कि कई गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय अंतागढ़ से कट गया है। लगातार बारिश के बीच क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं भी पूरी तरह ठप हो गई हैं, जिससे लोगों को और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुल के ऊपर से बह रहा नदी का पानी
चारगांव-मेटाबोदेली क्षेत्र में बारिश के बाद स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिसके चलते अंतागढ़ ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। जलस्तर बढ़ने के कारण ग्रामीणों के लिए आवागमन जोखिमपूर्ण बना हुआ है।

निर्माणाधीन सड़क पर कीचड़ और गड्ढों से परेशानी
अंतागढ़-नारायणपुर निर्माणाधीन सड़क भी बारिश के बाद लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बारिश के बीच इस मार्ग पर दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

नदी-नालों और पुल-पुलियों से दूर रहने की अपील
लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की ओर से लोगों को उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की हिदायत दी जा रही है। विशेषकर बच्चों और ग्रामीणों से जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जाने से बचने की अपील की गई है।

बारिश के चलते स्कूलों में अवकाश
बारिश की स्थिति को देखते हुए कांकेर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया गया है। क्षेत्र में फिलहाल बारिश का दौर जारी है और नदी-नालों का जलस्तर भी लगातार बढ़ा हुआ है।

रविवार तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। ऐसे में प्रभावित इलाकों में लोगों की मुश्किलें फिलहाल बनी रहने की आशंका है। अब बारिश थमने के बाद प्रशासन प्रभावित सड़कों और संपर्क मार्गों को कितनी तेजी से बहाल करता है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।