अंतागढ़कांकेररायपुरशिक्षा

एनएसएस दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया सेवा और स्वच्छता का संकल्प

लाल कालिन्द सिंह महाविद्यालय में हुआ पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और जागरूकता कार्यक्रम

अंतागढ़। शासकीय लाल कालिन्द सिंह महाविद्यालय, अंतागढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस के अवसर पर एनएसएस इकाई के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार दर्रो ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सचिन कुमार ने “Not Me But You” की भावना को आत्मसात करते हुए समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

हिंदी विभागाध्यक्ष भूषण कुमार देवांगन, IQAC प्रभारी डॉ. सुजीत यादव, राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक रोशन कुमार केमरो तथा अर्थशास्त्र के सहायक प्राध्यापक प्रशांत रंगारी ने भी विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। महाविद्यालय परिवार एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वहीं स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।कार्यक्रम में वाणिज्य विभागाध्यक्ष बहादुर नेताम, अतिथि व्याख्याता निधि नेताम, डॉ. लुमेश्वरी साहू एवं धर्मेंद्र साहू सहित महाविद्यालय के शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।