अंतागढ़कांकेरराजधानीरायपुर

कलगांव की पानी टंकी और पाइपलाइन फेल, नई व्यवस्था की मांग

सरपंच प्रमिला नाग ने पीएचई विभाग पर अनदेखी का लगाया आरोप, जांच और कार्रवाई की उठाई मांग

अंतागढ़। ग्राम पंचायत कलगांव में पेयजल व्यवस्था की बदहाली को लेकर सरपंच प्रमिला नाग ने चिंता जताई है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वर्ष 2016 में निर्मित पानी टंकी वर्तमान में अनुपयोगी हो चुकी है। वहीं गांव में बिछाई गई पाइपलाइन व्यवस्था भी खराब होने के कारण ग्रामीणों को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।

सरपंच ने आरोप लगाया कि पानी टंकी की गुणवत्ता और पूर्व में किए गए निर्माण कार्य को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इस संबंध में विधायक, सांसद, मंत्री, कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत एवं जानकारी दी गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने संबंधित विभाग और ठेकेदार के बीच सांठगांठ की भी आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

नई टंकी और पाइपलाइन बिछाने की मांग

सरपंच प्रमिला नाग ने शासन एवं संबंधित विभाग से वर्ष 2016 में निर्मित पानी टंकी की तकनीकी जांच कराने, अनुपयोगी टंकी के स्थान पर नई एवं गुणवत्तापूर्ण पानी टंकी का निर्माण कराने तथा खराब पाइपलाइन को हटाकर नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की है। उन्होंने प्रत्येक घर तक घरेलू नल-पाइपलाइन पहुंचाकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग रखी।इसके अलावा पूर्व में हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं खर्च की जांच कर दोषी पाए जाने वालों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है। सरपंच ने कहा कि ग्रामीणों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी और गुणवत्तापूर्ण पेयजल व्यवस्था चाहिए। शासन को मामले में तत्काल कार्रवाई कर ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत दिलानी चाहिए।