अंतागढ़कांकेररायपुर

महिला मोर्चा मंडल अंतागढ़ ने धूमधाम से मनाया तीज मिलन उत्सव

मटका फोड़, कुर्सी दौड़, भजन और नृत्य प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

अंतागढ़। भाजपा महिला मोर्चा मंडल अंतागढ़ के तत्वावधान में सावन उत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंतागढ़ मंडल क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता निभाई। सावन की उमंग और पारंपरिक रंगों से सजे इस आयोजन में महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं, भजन एवं नृत्य कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। सावन उत्सव के दौरान मटका फोड़, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इसके साथ ही भजन एवं डांस की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महिलाओं की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता प्रतिभागियों को महिला मोर्चा की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं का तिलक लगाकर तथा सुहाग सामग्री भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा आयोजन पारिवारिक एवं सांस्कृतिक माहौल में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिला महिला मोर्चा कांकेर की पदाधिकारी एवं वरिष्ठ महिलाएं भी प्रमुख रूप से शामिल हुईं। इनमें जिला अध्यक्ष रुखमणी उइके, जिला महामंत्री जैना तारम, बस्तर प्रभारी महिला मोर्चा रजिंधर रंधावा एवं संतोषी सिन्हा की उपस्थिति रही। साथ ही पूरे कार्यक्रम में जिला महामंत्री जितेंद्र मरकाम मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजपा महिला मोर्चा मंडल अंतागढ़ की अध्यक्ष चंद्रकला कौशल के नेतृत्व में मोर्चा की समस्त महिलाओं ने अथक प्रयास किया। आयोजन की सफलता पर चंद्रकला कौशल ने उपस्थित सभी महिलाओं, अतिथियों तथा भाजपा मंडल के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता और सहयोग से ही सावन उत्सव को भव्य एवं सफल बनाया जा सका।


आयोजन को सफल बनाने में सीमा ठाकुर, साधना निषाद, हेम सिंह कुर्मी, बिमला बघेल, राजेश्वरी जैन, धनेश्वरी पाल एवं सुनीता बघेल सहित महिला मोर्चा की अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में आपसी सौहार्द, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।