अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ा

अंतागढ़ को जिला बनाने युवाओं का हस्ताक्षर अभियान जारी

सुरेवाही के साप्ताहिक बाजार में पहुंचकर लोगों से लिया समर्थन, अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन

अंतागढ़। अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र के युवाओं द्वारा शुरू किया गया हस्ताक्षर अभियान लगातार जारी है। युवाओं की टीम गांव-गांव और बाजारों में पहुंचकर लोगों को अंतागढ़ को जिला बनाने की आवश्यकता एवं इसके संभावित लाभों की जानकारी देते हुए अभियान से जोड़ रही है।इसी क्रम में युवाओं की टीम ग्राम सुरेवाही के साप्ताहिक बाजार पहुंची। यहां ग्रामीणों, व्यापारियों एवं बाजार में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग के समर्थन में हस्ताक्षर करवाए गए। बड़ी संख्या में लोगों ने अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए हस्ताक्षर किए और अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग का समर्थन किया।

अभियान से जुड़े युवाओं का कहना है कि अंतागढ़ क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी विस्तृत है। जिला मुख्यालय दूर होने के कारण ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय कार्यों, प्रशासनिक सेवाओं एवं अन्य जरूरी कामों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। अंतागढ़ को जिला बनाए जाने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं नजदीक मिल सकेंगी तथा विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

युवाओं द्वारा हस्ताक्षर अभियान को लगातार अलग-अलग गांवों और साप्ताहिक बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को मजबूत जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

युवाओं ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अंतागढ़ को जिला बनाने की इस मुहिम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें और हस्ताक्षर कर अपनी आवाज को मजबूत करें। अभियान को मिल रहे समर्थन से युवाओं में उत्साह है और उनका कहना है कि जब तक अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी।