अंतागढ़कांकेरराजधानीराजनीतिरायपुर

बीएसपी पर अनदेखी का आरोप, पूर्व विधायक अनूप नाग ने जनप्रतिनिधियों से मांगा तीन साल के विकास कार्यों का हिसाब

अंतागढ़। पूर्व विधायक अनूप नाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी को लेकर बीएसपी और भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रावघाट माइंस शुरू होने से पूर्व क्षेत्र में विकास का आश्वासन देकर समर्थन हासिल किया गया था, लेकिन अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, टाउनशिप, रोजगार और परिवहन जैसे मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हो रहा है।अनूप नाग ने कहा कि बीएसपी द्वारा प्राकृतिक खनिज संपदा का दोहन किया जा रहा है, जबकि उड़ती धूल से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने रावघाट प्रबंधन पर क्षेत्र की मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा आंदोलन किए गए, वहीं भाजपा की ओर से भी विकास संबंधी मांगों को लेकर स्पष्ट पहल की अपेक्षा है।

उन्होंने बीएसपी द्वारा खोले गए स्वास्थ्य केंद्र के बंद होने का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि इसे पुनः शुरू कराने के लिए स्थानीय सांसद और विधायक ने प्रबंधन से चर्चा या पत्राचार किया है या नहीं। साथ ही रावघाट परियोजना क्षेत्र में एक स्कूली आदिवासी छात्र की इलाज के अभाव में हुई मौत का उल्लेख करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने तथा खनन परियोजना से जुड़े विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए।पूर्व विधायक ने कहा कि अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जाना चाहिए। चाहे कार्य नगर पंचायत के माध्यम से हुए हों अथवा विधायक-सांसद निधि से, उनकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की पदयात्रा के संबंध में भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। अनूप नाग ने कहा कि महंगाई, बिजली बिल में बढ़ोतरी, बेरोजगारी और रावघाट परियोजना से जुड़े स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता स्वयं आंदोलनों में शामिल हो रही है। ऐसे में आंदोलन को राजनीतिक साजिश बताना उचित नहीं है। विज्ञप्ति में उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर भाजपा जनप्रतिनिधियों से जनता के सामने जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही रावघाट परियोजना, सड़क की स्थिति और भारी वाहनों के आवागमन से जुड़े मुद्दों पर भी प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता जताई।