मिशन रक्षक के तहत कोयलीबेड़ा में 257 युवाओं का निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण शुरू
पुलिस एवं पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और भर्ती परीक्षाओं की तैयारी का अवसर
कोयलीबेड़ा, 17 सितंबर। घोर नक्सल प्रभावित एवं सुदूर माड़ क्षेत्र के युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा संचालित “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को कोयलीबेड़ा हाई स्कूल मैदान में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर 257 युवाओं ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) तथा BSF 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के कमांडेंट रणधीर सिंह गिल रहे। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन, SDOP अंतागढ़ संतोष कुमार जैन के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निर्मल जांगड़े के नेतृत्व में BSF 40वीं वाहिनी के सहयोग से किया गया।

358 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
कांकेर पुलिस के अनुसार, “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 358 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। शुभारंभ के अवसर पर 155 पुरुष एवं 102 महिला, कुल 257 अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। दूरस्थ क्षेत्र में इस तरह का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू होने से युवाओं को भर्ती की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

दौड़ और शारीरिक दक्षता पर रहेगा जोर
प्रशिक्षण के दौरान कांकेर पुलिस के प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों तथा BSF के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों को विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसमें दौड़, सहनशक्ति, नियमित शारीरिक अभ्यास और पुलिस एवं पैरामिलिट्री भर्ती में उपयोगी विभिन्न फिजिकल इवेंट्स शामिल हैं। प्रशिक्षकों द्वारा प्रत्येक इवेंट की सही तकनीक और उससे जुड़ी आवश्यक बारीकियों की जानकारी भी अभ्यर्थियों को दी जाएगी। कार्यक्रम में अधिकारियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, नियमित अभ्यास, मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति सफलता की मजबूत नींव है। युवाओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और नियमित रूप से अभ्यास करने का आह्वान किया गया।
अन्य क्षेत्रों में भी जारी है प्रशिक्षण
कांकेर पुलिस द्वारा बताया गया कि “मिशन रक्षक” के तहत भानुप्रतापपुर, आमाबेड़ा एवं अंतागढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम पहले ही शुरू किया जा चुका है। इन स्थानों पर युवाओं को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण के साथ भर्ती परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। अधिक से अधिक युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी सप्ताह में कांकेर एवं पखांजूर में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पत्रकारों सहित ग्राम के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कांकेर पुलिस का कहना है कि “मिशन रक्षक” का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें।

