आमाबेड़ा को मिली 108 एंबुलेंस की सौगात, विधायक उसेंडी ने दिखाई हरी झंडी
आमाबेड़ा। ग्राम आमाबेड़ा में आयोजित जिला स्तरीय मेगा स्वास्थ्य शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों की मांग पर विधायक विक्रम देव उसेंडी ने तत्परता दिखाते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से दूरभाष पर चर्चा की। क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए विधायक के प्रयास से आमाबेड़ा क्षेत्र के लिए 108 एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई।एंबुलेंस के आमाबेड़ा पहुंचने पर विधायक विक्रम देव उसेंडी ने हरी झंडी दिखाकर उसे सेवा के लिए रवाना किया।

इस दौरान क्षेत्रवासियों ने 108 एंबुलेंस की सुविधा मिलने पर विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस की सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।

मडाम में सड़क निर्माण का भी किया निरीक्षण
इसी दौरान विधायक विक्रम देव उसेंडी ने ग्राम मडाम में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को सड़क की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन किया जाए और कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

