अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेररायपुर

आमाबेड़ा मेगा स्वास्थ्य शिविर में 1344 लाभार्थियों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

139 सोनोग्राफी, 30 यूनिट रक्तदान, 615 आयुष्मान कार्ड वितरण और 1110 मरीजों को दवाओं का वितरण

अंतागढ़ / आमाबेड़ा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड अंतागढ़ के ग्राम आमाबेड़ा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में 7 अक्टूबर को आयोजित जिला स्तरीय सेवा सेतु विशाल मेगा स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में कुल 1344 लाभार्थियों का पंजीयन कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एवं जांच उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच एवं उपचार के साथ विभिन्न आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 139 सोनोग्राफी, 17 ईसीजी तथा 49 एक्स-रे किए गए। वहीं 67 नए आयुष्मान कार्ड पंजीयन किए गए तथा 615 आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। स्वास्थ्य शिविर के दौरान जरूरतमंदों को 26 चश्मों का वितरण किया गया। वहीं रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 30 यूनिट रक्तदान किया। इसके अलावा मरीजों को आवश्यकतानुसार दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 1110 लाभार्थियों को दवा वितरण किए जाने का आंकड़ा दर्ज किया गया। शिविर में मेडिसिन, अस्थि रोग, शिशु रोग, स्त्री रोग, नाक-कान-गला, दंत रोग, नेत्र रोग, मनोरोग एवं कैंसर रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर जांच, उपचार, दवा और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलने से उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर में पहली बार ईसीजी जांच की सुविधा, बड़ी संख्या में सोनोग्राफी तथा रक्तदान को विशेष उपलब्धि के रूप में देखा गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों से शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम में कांकेर सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी, जनपद पंचायत अध्यक्ष मनोरमा मंडावी, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।