अंतागढ़कांकेररायपुर

जमीन पर बैठकर कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की पीड़ा, बैहासाल्हेभाट को मॉडल विलेज बनाने का संकल्प

अंतागढ़। सुदूर अंचल के ग्रामीणों की समस्याओं को करीब से समझने और उनके समाधान के लिए प्रशासन की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने कलेक्टर कुंदन कुमार ने मंगलवार को अंतागढ़ विकासखंड के बीहड़ क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत बैहासाल्हेभाट में चौपाल लगाई। खास बात यह रही कि कलेक्टर ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनते नजर आए। उनके इस सहज और संवेदनशील अंदाज ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया ।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से बारी-बारी उनकी समस्याएं और मांगें जानीं तथा भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए जिला प्रशासन गंभीरता से हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर ने बैहासाल्हेभाट को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की बात कही। इसके लिए अधिकारियों को गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की जरूरतों और समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं। चौपाल में ग्रामीणों ने अंतागढ़-नारायणपुर सड़क के गुणवत्तापूर्ण निर्माण में तेजी, नवीन आंगनबाड़ी भवन, नदी पर एनीकट निर्माण, स्थानीय शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और महतारी सदन स्वीकृत करने सहित विभिन्न मांगें रखीं। कलेक्टर ने इन मांगों पर सकारात्मक पहल करने तथा आवश्यकतानुसार शासन को प्रस्ताव भेजने की बात कही।

सड़क निर्माण में तेजी के निर्देश

बैहासाल्हेभाट पहुंचने से पहले कलेक्टर ने अंतागढ़ से नारायणपुर के बीच राजकीय राजमार्ग क्रमांक-05 पर चल रहे चौड़ीकरण एवं मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। अंतागढ़ से रावघाट प्रोजेक्ट मार्ग के बीच चल रहे कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में लगी गाड़ियों की संख्या 10 से बढ़ाकर तत्काल 30 करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वाहनों को सड़क के प्रारंभिक, मध्य और अंतिम हिस्सों में लगाकर काम को तेज गति से पूरा करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता और संबंधित ठेकेदार को दिए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की आवाजाही में हो रही परेशानी को देखते हुए सड़क मरम्मत का काम जल्द पूरा किया जाए। साथ ही कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौपाल और निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर अंतागढ़ ए.एस. पैंकरा, एसडीएम अंतागढ़ राहुल रजक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।