रक्षाबंधन को लेकर नगर में उत्साह, राखी की दुकानों पर उमड़ी भीड़
महंगाई के बावजूद भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व को लेकर बहनों में खासा उत्साह, कपड़ा व मिठाई दुकानों में भी बढ़ी रौनक
अंतागढ़। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पवित्र पर्व रक्षाबंधन आज पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर अंतागढ़ नगर में पिछले कुछ दिनों से बाजार में रौनक बढ़ गई है। नगर की प्रमुख दुकानों और बाजार क्षेत्रों में तरह-तरह की आकर्षक राखियों की दुकानें सजकर तैयार हैं। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर राखी खरीदने के लिए बहनों और बच्चों की भीड़ दुकानों पर उमड़ती रही। बाजार में इस बार बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, फैंसी एवं रंग-बिरंगी राखियों के साथ युवाओं के लिए डिजाइनर राखियां तथा पारंपरिक रक्षा सूत्र भी उपलब्ध हैं। बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियां खरीदती नजर आईं। दुकानदारों के अनुसार पर्व के चलते राखियों की बिक्री में अच्छी तेजी आई है।

महंगाई की मार, फिर भी उत्साह बरकरार
इस बार रक्षाबंधन पर महंगाई का असर बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। राखियों के दाम पिछले वर्ष की तुलना में बढ़े हैं। इसके बावजूद भाई की कलाई पर प्रेम और विश्वास का रक्षा सूत्र बांधने को लेकर बहनों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। लोग अपनी क्षमता के अनुसार राखियों के साथ मिठाई और उपहार की खरीदारी कर रहे हैं। रक्षाबंधन के चलते कपड़ा दुकानों में भी अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है। भाई-बहन के लिए नए कपड़े, बच्चों के परिधान और अन्य उपहार सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजार में चहल-पहल बनी हुई है।
मिठाइयों के दाम बढ़ने से जेब पर अतिरिक्त बोझ
रक्षाबंधन पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही मिठाई दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। हालांकि शक्कर समेत विभिन्न सामग्री के दाम बढ़ने का असर मिठाइयों की कीमतों पर भी पड़ा है। दुकानदारों के अनुसार लागत बढ़ने के कारण मिठाइयों के दामों में वृद्धि हुई है। ऐसे में इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व मनाने में लोगों की जेब पर महंगाई का अतिरिक्त भार भी स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। महंगाई के बावजूद भाई-बहन के रिश्ते की मिठास में कोई कमी नहीं आई है। बहनें राखी, मिठाई और उपहार लेकर अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने की तैयारी में हैं, वहीं भाई भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनके सुख-दुख में साथ रहने और उनकी रक्षा का संकल्प लेने को उत्साहित हैं।

यह रहेगा राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
नगर के पंडित भूपेंद्र पांडेय ने बताया कि श्रावण पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि राखी बांधने का मुख्य शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि लाभ मुहूर्त सुबह 7:33 बजे से 9:10 बजे तक तथा अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त सुबह 9:10 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा। यदि किसी कारणवश सुबह राखी बांधना संभव न हो तो दोपहर 12:23 बजे से 2 बजे तक भी राखी बांधी जा सकती है।
इस विधि से बांधें राखी
पंडित भूपेंद्र पांडेय के अनुसार रक्षाबंधन के दिन सबसे पहले भगवान गणेश, भगवान विष्णु और अपने इष्टदेव की पूजा करनी चाहिए। इसके बाद भाई को पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठाना शुभ माना जाता है। बहन भाई के माथे पर तिलक और अक्षत लगाकर उसकी दाहिनी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे और आरती उतारे। इसके बाद भाई को मिठाई खिलाई जाती है। राखी बंधवाने के बाद भाई अपनी बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा, सम्मान और सुख-दुख में सदैव साथ देने का वचन देता है। उन्होंने बताया कि रक्षा सूत्र में लाल, पीले और सफेद तीन धागों का होना शुभ माना जाता है। राखी में चंदन लगा होना भी शुभ माना गया है। राखी बांधते समय ‘येन बद्धो बलिराजा’ मंत्र का जाप भी किया जा सकता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, स्नेह और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी है रक्षाबंधन को लेकर अंतागढ़ नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक दिखाई दे रही है। महंगाई के बीच लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार पर्व की तैयारियों में जुटे हैं और भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को पूरे उत्साह के साथ मनाने की तैयारी कर रहे हैं।
