अंतागढ़कांकेरराजनीतिरायपुर

अंतागढ़ की बदहाल सड़क पर AAP का ‘खोदरा-डिफरा पाटो अभियान’

15 दिन से यात्री बसें बंद, माइंस की गाड़ियां बेरोकटोक जारी

अभियान में शामिल लोगों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था – नरेन्द्र नाग

नारायणपुर, 3 नवंबर 2026। अंतागढ़ क्षेत्र में सड़क की जर्जर हालत और प्रशासन के दोहरे रवैये के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी रविवार को ‘खोदरा-डिफरा पाटो अभियान’ चलाएगी।आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने बताया कि अंतागढ़ की मुख्य सड़क में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे (खोदरा-डिफरा) हो गए हैं। हालत इतनी खराब है कि पिछले 15 दिनों से यात्री बसों का परिचालन बंद है। आम ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ यात्री बसें बंद हैं, वहीं दूसरी तरफ भारी-भरकम माइंस की गाड़ियां उसी बदहाल सड़क पर लगातार चल रही हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता नहीं, बल्कि खनन कंपनियों की सुविधा है।नाग ने कहा, “सड़क जनता के लिए है, केवल माइंस की गाड़ियों के लिए नहीं। जब सड़क यात्री बस लायक नहीं तो भारी माइंस वाहन कैसे चल रहे हैं? प्रशासन को जनता को जवाब देना होगा।”आप ने मांग की है कि जब तक सड़क का स्थायी निर्माण नहीं होता, तब तक भारी माइंस वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जाए।

जिलेवासियों से अपील –

नरेन्द्र नाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिन्हें गड्ढे पाटने का काम आता है, वे रविवार को इस अभियान से जुड़ें। अभियान में शामिल लोगों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था पार्टी की ओर से की जाएगी।उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गड्ढा भरने का अभियान नहीं, बल्कि जनता की सड़क, सुरक्षित आवागमन और प्रशासन की जवाबदेही का सवाल है।

पार्टी का नारा है – “जब तक सड़क नहीं, तब तक माइंस की गाड़ियां बंद।”