अंतागढ़: 13 अप्रैल से शुरू होगा ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’, घर-घर जाकर होगी यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग
एसडीएम राहुल रजक की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय बैठक संपन्न, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

अंतागढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ में शनिवार को एसडीएम राहुल रजक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी 13 अप्रैल से शुरू होने वाला ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ (यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग) और एचपीवी (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम रहा।
घर-घर जाकर होगी स्वास्थ्य जांच
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भेषज रामटेके ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 13 अप्रैल से 12 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान विशेष टीमें घर-घर जाकर हर आयु वर्ग के व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच करेंगी।
- जांच के दायरे में: ऊंचाई, वजन, बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन के साथ-साथ टीबी, हृदय रोग, मुख कैंसर, मोतियाबिंद और कुष्ठ रोग जैसे गंभीर रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
- उपचार व रेफरल: जांच के बाद आवश्यकतानुसार मौके पर ही इलाज दिया जाएगा या उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा।
- डिजिटल एंट्री: सभी गतिविधियों की ऑनलाइन एंट्री होगी। साथ ही छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड और आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी बनाए जाएंगे।
गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका
बैठक में महिलाओं में होने वाले गर्भाशय कैंसर की रोकथाम हेतु एचपीवी टीकाकरण पर जोर दिया गया।
- पात्रता: 14 वर्ष से अधिक और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियां।
- खुराक: बाएं हाथ में सिंगल डोज।
- प्रमाण पत्र: टीकाकरण के पश्चात डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। डॉ. रामटेके ने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और जीवन रक्षक है, इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है।

प्रशासनिक निर्देश और टीम गठन
एसडीएम राहुल रजक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और शत-प्रतिशत जनसंख्या को कवर करने के निर्देश दिए।
- जनपद सीईओ को सरपंच-सचिवों की सहभागिता सुनिश्चित करने और कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने को कहा गया है।
- खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे सभी स्कूलों और कन्या आश्रमों में लक्षित किशोरियों की सूची तैयार कर टीकाकरण सुनिश्चित कराएं।
- अभियान दल में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष/महिला), एएनएम और मितानिन शामिल रहेंगे।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में बीईओ संजय ठाकुर, बीआरसी के.के. नाग, सीडीपीओ जागेश्वर पर्ते, सेक्टर प्रभारी डॉ. मनीष नेताम, शबाना खान, मनोज सिंगरोल, पारसनाथ सेन, बीपीएम नोमेत गावड़े, बीडीएम भगवती पील्ले, के.के. सिन्हा सहित सभी सेक्टर सुपरवाइजर, मितानिन समन्वयक और विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।

