अंतागढ़ : गाँव की बेटी ने रचा इतिहास, 10वीं बोर्ड में 92.66% अंक के साथ हासिल की प्रथम स्थान
अंतागढ़/कांकेर।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2026 की 10वीं बोर्ड परीक्षा में ग्राम लामपुरी की होनहार छात्रा कु. प्रिन्सी कुलदीप ने 92.66 प्रतिशत अंक (कुल 556 अंक) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

कु. प्रिन्सी एक साधारण कृषक परिवार से आती हैं। उनके पिता मनसाराम कुलदीप एवं माता शैलेन्द्री कुलदीप खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रिन्सी ने कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह सफलता अर्जित की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक से लेकर हाईस्कूल तक की शिक्षा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मासबरस (ब्लॉक अंतागढ़, जिला कांकेर) से प्राप्त की। विद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार घुमरा, वरिष्ठ व्याख्याता कृष्ण कुमार पोर्ते सहित समस्त शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग का इस सफलता में विशेष योगदान रहा। प्राचार्य घुमरा ने प्रिन्सी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रिन्सी ने विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत और अनुशासन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।” वहीं शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने भी छात्रा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। गाँव लामपुरी में प्रिन्सी की इस सफलता पर जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और कहा कि यह उपलब्धि पूरे गाँव के लिए गर्व की बात है।
कु. प्रिन्सी कुलदीप की यह सफलता साबित करती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

