कलगाँव के ग्रामीण सड़क ठेकेदार की लापरवाही व माइंस की हाईवा ट्रकों की दादागिरी से परेशान
जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो करेंगे चक्काजाम– प्रमिला नाग, सरपंच ग्राम पंचायत कलगाँव
अंतागढ़ । ग्राम पंचायत कलगाँव की सरपंच प्रमिला नाग ने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य में मनमानी बरती जा रही है, जिससे पूरे गांव में दिनभर धूल के गुबार छाए रहते हैं। धूल इतनी अधिक है कि घरों के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे लोगों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

सरपंच ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है और ना ही समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इसके साथ ही अंतागढ़ से नारायणपुर मार्ग पर माइंस की हाईवा ट्रकों का अनियंत्रित संचालन भी बड़ी समस्या बन गया है। नियमों के अनुसार सुबह 6 बजे तक ही माइंस की गाड़ियों को चलने की अनुमति है, लेकिन इसके बावजूद दिनभर तेज रफ्तार में ट्रक चल रहे हैं, जिससे धूल और दुर्घटना का खतरा दोनों बढ़ रहे हैं। सरपंच प्रमिला नाग ने प्रशासन और माइंस प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते ठेकेदार की लापरवाही पर रोक नहीं लगाई गई और नियमों के अनुसार माइंस की गाड़ियों का संचालन सुनिश्चित नहीं किया गया, तो कलगाँव के ग्रामीण चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को धूल प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम से राहत मिल सके।

