4 वर्ष पुराने अंधे कत्ल का खुलासा, दूसरी शादी के विवाद में हुई थी हत्या
पुलिस को मिली बड़ी सफलता, तीन आरोपी गिरफ्तार
ताड़ोकी/अंतागढ़ : थाना ताड़ोकी क्षेत्र में चार वर्ष पूर्व हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मृतक की दूसरी शादी की बात से नाराज सामाजिक प्रमुख ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
घटना का विवरण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 13 जुलाई 2022 को प्रार्थी महेन्द्र कुमार ध्रुव, निवासी चिहरीपारा सरंडी ने अपने परिजन सदेश कुमार ध्रुव की संदिग्ध मृत्यु की सूचना थाना ताड़ोकी में दी थी। शव का पोस्टमार्टम कराने पर रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किया जाना प्रमाणित हुआ, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

दूसरी शादी के विवाद में हुई हत्या
जांच के दौरान पता चला कि मृतक सदेश कुमार ध्रुव की शादी लगभग 14 वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। कुछ वर्षों बाद उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण वह इलाज के लिए जिला नारायणपुर के ग्राम बेलगांव में रहने लगी थी। इसी दौरान मृतक ने दूसरी शादी करने का निर्णय लिया और सामाजिक रीति-रिवाज से फलदान कार्यक्रम भी कर लिया था। यह बात गांव के सामाजिक अध्यक्ष गंगूराम ध्रुव को पसंद नहीं थी और वह मृतक की दूसरी शादी का विरोध कर रहा था। इस बात को लेकर गांव में कई बार विवाद भी हुआ।
बैठक के बाद बनाई हत्या की योजना
दिनांक 13 जुलाई 2022 को ग्राम सरंडी में सामाजिक बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें मृतक की दूसरी शादी का मुद्दा उठा। बैठक के बाद आरोपी गंगूराम ध्रुव, मंगूराम ध्रुव और रजउराम ध्रुव ने शराब पीकर आक्रोश में मृतक की हत्या की योजना बनाई। उसी रात लगभग 8:30 बजे तीनों आरोपी मृतक के घर पहुंचे और उसे अकेला पाकर गला घोंटकर हत्या कर दी तथा शव को बिस्तर पर लिटाकर फरार हो गए।
पुलिस की विशेष टीम ने सुलझाया मामला
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल एवं थाना ताड़ोकी की संयुक्त टीम ने पुनः घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन और संदिग्धों से पूछताछ की। दिनांक 23 मार्च 2026 को ग्राम सरंडी में गहन पूछताछ के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया।गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने दिनांक 24 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया । आरोपियों के नाम
गंगूराम ध्रुव (39 वर्ष), निवासी सरंडी
रजउ राम ध्रुव (42 वर्ष), निवासी ऐड़ानार प्लाटपारा
मंगूराम ध्रुव (34 वर्ष), निवासी सरंडी
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी जिला पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

