हुपेन्द्र (हुप्पू) साहू बने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष
प्रतिक ठाकुर, राजेश साव, कैलाश पोटाई व राजेश कौशल को मिली नई जिम्मेदारी
अंतागढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन द्वारा जिला, मंडल एवं विभिन्न मोर्चाओं का गठन प्रदेश स्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में अंतागढ़ क्षेत्र से युवा नेतृत्व को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा युवा मोर्चा के अंतर्गत हुपेन्द्र (हुप्पू) साहू को भाजयुमो मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं प्रतिक ठाकुर (सानू) को जिला स्थाई आमंत्रित सदस्य जैसे महत्वपूर्ण स्थान मिला है साथ ही कैलाश पोटाई को भाजयुमो जिला शासकीय योजना स्वाध्याय की जिम्मेदारी तो राजेश साव (सोनू) को जिला सह प्रशिक्षण प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के जिला संयोजक एवं सहसंयोजकों की भी घोषणा की गई है जिसमें अंतागढ़ से राजेश कौशल को भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ का जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगरपंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “पार्टी द्वारा युवाओं को दी जा रही जिम्मेदारी संगठन की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। युवा जोश संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। ”वहीं भाजपा मंडल के वरिष्ठ व पूर्व महामंत्री लक्ष्मण ठाकुर ने कहा,“युवा शक्ति ही संगठन की असली ताकत है। हमें विश्वास है कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद ये सभी पदाधिकारी पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।” नव-नियुक्त युवा मोर्चा अध्यक्ष हुपेन्द्र साहू ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, “पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा। संगठन की मजबूती और जनसेवा ही मेरी प्राथमिकता रहेगी।” क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उम्मीद जताई है कि नव-नियुक्त पदाधिकारी संगठन को और सशक्त बनाते हुए क्षेत्र में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

