Newsअंतागढ़कांकेरबस्तरराजधानीरायपुरशिक्षा

महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा आईटीआई अंतागढ़ में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित

अंतागढ़, 24 फरवरी 2026। महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अंतागढ़ में महिला सुरक्षा जागरूकता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्म-सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं आपात परिस्थितियों में सतर्क रहने के उपायों से अवगत कराना रहा।

कार्यशाला में छात्राओं को मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग, विशेषकर WhatsApp एवं Instagram के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। टीम द्वारा बताया गया कि अनजान लिंक, फर्जी प्रोफाइल, व्यक्तिगत जानकारी साझा करना तथा साइबर ठगी जैसे मामलों से कैसे बचा जाए। इसके साथ ही आवागमन के दौरान अकेले होने पर सतर्कता, आत्मरक्षा के प्राथमिक उपाय,आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी तथा संदिग्ध परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप में अपना विस्तृत विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता मिल सके।

इस अवसर पर महिला प्रधान आरक्षक कौशिल्या टेकाम ने कहा,“महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि जागरूकता और आत्मविश्वास का भी प्रश्न है। यदि छात्राएं डिजिटल और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहेंगी, तो कई संभावित अपराधों को रोका जा सकता है।” प्राचार्य अनिल कुमार टेभेंकर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा,“ऐसी कार्यशालाएं छात्राओं में आत्मविश्वास और सजगता बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं। महिला रक्षा टीम का यह प्रयास सराहनीय है,जिससे छात्राओं को व्यवहारिक और कानूनी जानकारी एक साथ प्राप्त हुई।” कार्यक्रम में महिला रक्षा टीम कांकेर की सदस्य अनिता नेताम, शांति मरकाम, टिकेश्वरी ध्रुव, बालेश्वरी नेताम, साधना गागड़ा, उमा गोटी, जमुना ठाकुर एवं लक्ष्मी सिन्हा उपस्थित रहीं। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अंतागढ़ से सारिका खापर्डे, सुश्री दीक्षा मेहर, पुष्पा माहला सहित समस्त छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा महिला रक्षा टीम कांकेर का आभार व्यक्त किया गया।