अंतागढ़ जनपद पंचायत की सामान्य सभा सम्पन्न, विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा

अंतागढ़,
जनपद पंचायत अंतागढ़ की सामान्य सभा की बैठक अध्यक्ष मनोरमा मंडावी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष कुबल भुसाखरे सहित जनपद सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विकासखंड अंतागढ़ में संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कृषि विभाग
कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी लक्ष्य 910 के विरुद्ध 688 पूर्ण होने की जानकारी दी गई। सौर सुजला योजना में 30 सोलर पंप पंजीयन का लक्ष्य पूर्ण किया गया। किसान समृद्धि योजना अंतर्गत नलकूप खनन में लक्ष्य से अधिक 103 पंजीयन हुए। बीज उत्पादन कार्यक्रम में धान 38.2 हेक्टेयर एवं तिलहन 5 हेक्टेयर में पूर्ण किया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (अऋणी कृषक) में 1450 लक्ष्य के विरुद्ध 965 पूर्ति हुई। ड्रिप एवं सूक्ष्म सिंचाई हेतु 16 हेक्टेयर में पंजीकृत किसानों को लाभान्वित किया गया। उपाध्यक्ष द्वारा चयनित किसानों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पूर्व पाइप वितरण को लेकर सदस्यों ने आपत्ति दर्ज कराई।
लोक निर्माण विभाग
विकासखंड में 7 निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। कुछ पटवारी क्वार्टरों में कार्य शेष है। एड़ानार में आश्रम निर्माण कार्य लंबे समय से बंद होने पर उपाध्यक्ष ने टेंडर निरस्त कर नए ठेकेदार से कार्य कराने के निर्देश दिए। नगर पंचायत अंतागढ़ में 2 किमी सड़क निर्माण कार्य के दौरान धूल से छात्राओं को हो रही परेशानी को देखते हुए नियमित पानी छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए।
उद्यानिकी विभाग
57 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 34 हेक्टेयर में कार्य पूर्ण, शेष 15 हेक्टेयर लंबित है। सब्जी एवं मसाला फसलों पर 50% अनुदान दिया जा रहा है। वर्मी टैंक निर्माण पर 50% अनुदान डीबीटी के माध्यम से प्रदान किया जा रहा है। इच्छुक किसान कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
पशुधन विभाग
विकासखंड में 2 पशु चिकित्सालय संचालित हैं। बकरीपालन, सुअर पालन एवं कुक्कुट पालन के आवेदन जिला कार्यालय को प्रेषित किए गए हैं। कुल 43,843 पशुओं का टीकाकरण किया गया। धरती आबा शिविर में प्राप्त आवेदनों को भी स्वीकृति हेतु भेजा गया है।
क्रेडा विभाग
जिला स्तर से स्वीकृत कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। ग्राम गोडरी एवं कोटनखोड में हाईमास्ट लाइट की फिटिंग लंबित होने पर संबंधित अधिकारी को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए गए। ग्राम सरंडी में आंगनबाड़ी के पास हाईमास्ट लाइट सुधारने के निर्देश दिए गए।
जल संसाधन विभाग
विकासखंड में 7 कार्य प्रगतिरत हैं। कढ़ाईखोदरा में डेम एवं नाली निर्माण हेतु बजट प्राप्ति के बाद कार्य प्रारंभ होगा। फुपगांव जलाशय मरम्मत हेतु प्रस्ताव उच्च कार्यालय भेजा गया है।
शिक्षा विभाग
प्राथमिक शालाओं में 251 पद भरे गए, 10 प्रधान अध्यापक पद रिक्त हैं। माध्यमिक शालाओं में 27 पद रिक्त हैं। 42 अतिरिक्त कक्ष एवं नवीन भवन हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। 21 कार्य डीएमएफ मद से स्वीकृत हुए हैं। हाई स्कूल कोलर में शौचालय निर्माण अधूरा है, जिसे शीघ्र पूर्ण कराने निर्देश दिए गए। हाई स्कूल आमाकोट/नागरबेड़ा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की व्यवस्था हेतु निर्देश दिए गए। किचन शेड निर्माण के प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे गए हैं।
अन्य निर्णय
जनपद पंचायत अंतागढ़ के अटल बाजार भवनों के जीर्णोद्धार को सामान्य सभा में अनुमोदन प्रदान किया गया। सहकारिता, वन, महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री सड़क योजना, रेशम, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मत्स्य एवं विद्युत विभाग के अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिससे समीक्षा नहीं हो सकी। अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आगामी बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

