अंतागढ़ में अपर कलेक्टर की नियुक्ति कोलेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा
अंतागढ़ ।अंतागढ़ में तत्काल अपर कलेक्टर की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अल्टीमेटम दिया कि 15 दिनों में अंतागढ़ में अपर कलेक्टर तैनात नहीं किए गए तो आंदोलन होगा। कांकेर में अपर कलेक्टर को एसडीएम बनाया गया है। अगर अपर कलेक्टर अरुण कुमार वर्मा को एसडीएम का पसंद है तो संयुक्त कलेक्टर और अपर कलेक्टर की पदोन्नति को वे त्याग दें। एएस. पैकरा और जितेंद्र कुमार कुर्रे भी अपर कलेक्टर हैं। कांकेर में तीन अपर कलेक्टर और अंतागढ़ में एक भी अपर कलेक्टर ये मनमानी नहीं चलेगी। उक्त बातें कांग्रेस प्रवक्ता विश्राम सिंह गावड़े ने कही।

उन्होंने कहा, अंतागढ़ में काफी दिनों से अपर कलेक्टर पद खाली है। अपर कलेक्टर के नहीं होने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने के कारण 26-27 पीडीएस दुकानों में उपभोक्ताओं को समय पर राशन नहीं मिल रहा है। समय पर राशन नहीं मिलने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। अपर कलेक्टर के नहीं होने से लोगों को राजस्व संबंधी परेशानी हो रही है। छोटे-छोटे कार्यों के लिए अंतागढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों को कांकेर तक जाना पड़ रहा है। ऐसे में समय और आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार के समय छग. शासन की ओर से अंतागढ़ में अपर कलेक्टर का पद स्वीकृत किया गया था। अभी तक दो-तीन अपर कलेक्टर ही अंतागढ़ में अपनी सेवा दिए हैं। वह भी दो चार माह। किसी न किसी कारण स्थानांतरण हुआ तो वापस नहीं आए। अंतागढ़ में अपर कलेक्टर के रूप में एएस पैकरा को तैनात किया गया था। अभी कांकेर में पैकरा सेवा दे रहे हैं, लेकिन अंतागढ़ नहीं आ रहे हंै। कांकेर एसडीएम अरुण कुमार वर्मा अपर कलेक्टर हैं। काफी दिनों से एसडीएम का पद संभाल रहे हैं। जबकि एसडीएम का पद डिप्टी कलेक्टर का होता है। ऐसे अपर कलेक्टर को अंतागढ़ में सेवा के लिए भेजना चाहिए। एडीएम के रूप में जितेंद्र कुमार कुर्रे कांकेर में तैनात हंै। ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा कि आखिर अपर कलेक्टर होते हुए दो पद नीचे का कार्य अधिकारी करने के तैयार हैं तो कहीं न कहीं निजी स्वार्थ है। पूर्व प्रत्याशी रुपसिंह पोटाई ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, इस सरकार में अधिकारी को चपरासी और चपरासी को अधिकारी पद मिल सकता है। न नियम है। न ही प्रशासनिक कसावट। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर ने कहा, क्षेत्र की जनता परेशान है। अंतागढ़ में अपर कलेक्टर की नियुक्ति नहीं होने से लोगों में रोष है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिलीप बघेल ने कहा, राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। अंतागढ़ में अपर कलेक्टर की तैनाती जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन करने के लिए हम सब बाध्य होंगे। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अखिलेश चंदेल, ने कहा, क्षेत्र में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। निर्माण कार्यों में तो भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा के नेता गांव-गांव ठेकेदारी कर रहे हैं। डीएमएफ प्रभावित क्षेत्र में ग्राम पंचायतों में सेटिंग के आधार पर काम कराने के नाम पर लूट हो रही है। कमीशनखोरी के खेल को जनता समझ चुकी है। कांग्रेस पूर्व जिला अध्यक्ष सुभद्रा सलाम, पार्षद राकेश गुप्ता, युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डा नेताम, गोलू नायक, मंडल अध्यक्ष रमेश बघेल, सूरेसिंह बघेल आदि कांगेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने किया अंतागढ़ में बैठक

क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की मजबूती को लेकर शुक्रवार को पदाधिकारियों ने बैठक की। बैठक के बाद कांकेर कलेक्टर के नाम पर अंतागढ़ एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अल्टीमेटम दिया कि अगर 15 दिनों में अपर कलेक्टर की तैनाती नहीं किया तो आंदोलन होगा। अांदोलन होगा तो अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा। अपर कलेक्टर को लेकर सौंपे गए ज्ञापन के बाद प्रशानिक अधिकारियों में कुछ हरकत दिखने लगी है।

