मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान के तहत जिले में सुदृढ़ बीट प्रणाली लागू

कांकेर : जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आम जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से “मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान के अंतर्गत 154 ग्रामों में सुदृढ़ बीट प्रणाली लागू की गई है।अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम के लिए बीट प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। थानों में पदस्थ सिपाही से लेकर एएसआई स्तर तक के अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित बीट प्रभारी का नाम एवं मोबाइल नंबर पंचायत भवन में चस्पा किया जाएगा तथा सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिससे आम नागरिक आवश्यकता पड़ने पर सीधे संपर्क कर सकें।
बीट बुक में संधारित होगी महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक बीट प्रभारी एवं आरक्षक को “बीट बुक” प्रदान की जाएगी, जिसमें निम्नलिखित जानकारी संधारित की जाएगी—
पुलिस सहयोगियों एवं सामाजिक संस्थाओं का विवरण निगरानीशुदा/गुंडा-बदमाश एवं संदिग्ध व्यक्तियों का रिकॉर्ड मकान मालिक-किराएदार, कबाड़ी एवं बाहरी आगंतुकों की जानकारी क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों का विवरण शस्त्र लाइसेंसधारियों का सत्यापन पेंशनधारक एवं शासकीय सेवकों का विवरण ग्राम में आयोजित मड़ई, मेला, त्योहार एवं बाजारों की जानकारी सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा बीट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सरपंच, पटेल, कोटवार, जनप्रतिनिधि, ग्राम के नवयुवक, महिला समूह, समाजसेवी संस्थाएं एवं पुलिस सहयोगियों के साथ व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर सामुदायिक पुलिसिंग को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम कर संवाद को सशक्त बनाना है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य
“मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच मजबूत, भरोसेमंद एवं सतत संपर्क स्थापित करना है। इसके माध्यम से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, स्थानीय समस्याओं की पहचान तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को सुदृढ़ किया जाएगा।

हेल्पलाइन
कांकेर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

