बेहद ही निराशाजनक और जुमलों का बजट: सुभद्रा सलाम
महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही जनता
अंतागढ़ : प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सुभद्रा सलाम पूर्व अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर ने कहा कि यह बजट जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल साबित हुआ है। यह बेहद ही निराशाजनक बजट है। महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही जनता को इस बजट से राहत की आशा थी, लेकिन सरकार ने केवल आंकड़ों और घोषणाओं का सहारा लिया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी अंचलों विशेषकर मेरे आमाबेड़ा, अंतागढ़, ताड़ोकी, कोयलीबेडा, बांदे, पखांजूर, सहित पूरे अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है।

पंचायतों को सशक्त बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को स्थायी रोजगार देने के लिए कोई ठोस प्रावधान नजर नहीं आता। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि आधारित रोजगार को लेकर भी बजट में ठोस पहल का अभाव है। महिला स्व-सहायता समूहों, पोषण, मातृ सुरक्षा और छात्राओं की शिक्षा के मुद्दों को भी अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी गई है। अंतागढ़ विधानसभा में स्थानीय सांसद और विधायक है फिर भी कोई नई परियोजना और क्षेत्र के विकाश के लिए कोई नया प्रावधान नहीं होना बेहद निराशाजनक है। क्षेत्र की स्थिति तो ऐसी है कि अपर कलेक्टर का पद होने के बाद भी उनके पदस्थापना के लिए आंदोलन करना पड़ता है, खनिज दोहन के कारण क्षेत्र के लोग धूल खा रहे है , डॉक्टरों का अभाव एवं एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सुविधा के लिए क्षेत्र के लोगों को भटकना पड़ता है। पंचायतों में मूलभूत कार्यों तक के लिए वित्तीय संकट है। श्रीमती सलाम ने कहा कि प्रदेश की जनता कागजी वादों और भाषणों से नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले विकास और राहत की अपेक्षा रखती है। कांग्रेस पार्टी जनता के हक की आवाज बुलंद करती रहेगी और सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करेगी।

