Newsअंतागढ़कांकेरराजधानीरायपुर

अंतागढ़ में होली पर्व को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

अंतागढ़। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अंतागढ़ पुलिस द्वारा शहर में व्यापक स्तर पर सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज पुलिस प्रशासन ने नगर के मुख्य मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देना रहा। यह फ्लैग मार्च एसडीओपी शुभम तिवारी के नेतृत्व में निकाला गया, जिसमें थाना अंतागढ़ के पुलिस अधिकारी, जवान तथा बल के अन्य सदस्य शामिल रहे। मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड तथा संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ पैदल एवं वाहन से गश्त करते हुए नजर आया।

एसडीओपी श्री तिवारी ने बताया कि होली जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में लिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से भी संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और आश्वस्त किया कि पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा रात्रि गश्त भी बढ़ा दी गई है। नगरवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। पुलिस प्रशासन ने पुनः सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक जिम्मेदारी से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण बनाया जा सकता है।