अंतागढ़ में भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई
अंतागढ़। नगर के ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम की जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के प्रमुख लोगों का उल्लेखनीय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा एक-दूसरे को जयंती की शुभकामनाएं दीं। समाज के वरिष्ठजनों ने अपने उद्बोधन में बताया कि भगवान परशुराम ने सदैव सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि सभी उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें।
ज्ञात हो कि भगवान परशुराम जयंती प्रतिवर्ष वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है, जिसे अक्षय तृतीया के रूप में भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का अवतरण हुआ था। यह पर्व शक्ति, धर्म और न्याय की स्थापना का प्रतीक माना जाता है।

