अंतागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,घर से अपहृत बालिका को कुछ ही घंटों में कराया मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
अंतागढ़/कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण के एक गंभीर मामले को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने घर से जबरन उठाई गई एक बालिका को सुरक्षित छुड़ाते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त 21.50 लाख रुपये की लग्जरी थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

क्या था मामला..?
दिनांक 07.04.2026 को थाना अंतागढ़ में एक पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री को रंजन मिश्रा नामक युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घर से जबरन अगवा कर लिया है। आरोपी पीड़िता को गाड़ी नंबर TS-08 HK-9889 में बैठाकर ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल रखेजा के निर्देशन में तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी शुरू की गई।
घेराबंदी कर केवटी के पास पकड़ाए आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी अंतागढ़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें केवटी भानुप्रतापपुर के पास दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद 8 अप्रैल 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हैदराबाद से जुड़ा है वारदात का तार
जांच में यह तथ्य सामने आया कि पीड़िता कुछ समय पहले काम करने हैदराबाद गई थी। वहां आरोपी रंजन मिश्रा उसी कंपनी में काम करता था और उसे परेशान करता था। जब युवती वापस अपने घर अंतागढ़ आई, तो आरोपी ने शादी करने के लिए दबाव बनाया और अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की इस वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
रंजन मिश्रा (26 वर्ष): निवासी सांगारेड्डी, हैदराबाद।
प्रियांशु गुड्डू कुमार उपाध्याय (21 वर्ष): निवासी सांगारेड्डी, हैदराबाद।
लाली टेकाम (31 वर्ष): निवासी शीतला पारा, कोरेर, उत्तर बस्तर कांकेर।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रमेश जायसवाल, उप निरीक्षक हेमलता परिहार, प्रधान आरक्षक नरेंद्र देव मांझी, महिला प्रधान आरक्षक जमुना ठाकुर सहित थाना अंतागढ़ और भानुप्रतापपुर के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की अपील: क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बाहरी व्यक्तियों द्वारा संदिग्ध आचरण दिखने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-94114 पर सूचित करें।

