नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर पुलिस ने किया गिरफ्तार
अंतागढ़ : थाना सिकसोड़ पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा दिनांक 15 मार्च 2026 को थाना सिकसोड में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 12 फरवरी 2026 को आरोपी शेरसिंग कोमरा (उम्र 27 वर्ष), निवासी नेड़गांव, चौकी कच्चे, थाना भानुप्रतापपुर द्वारा उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर आमाकोट जंगल के पास ले जाकर जबरदस्ती एक रात तक रोककर दुष्कर्म किया गया।

घटना के पश्चात आरोपी द्वारा पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे भयवश पीड़िता ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में परिजनों को जानकारी मिलने पर थाना सिकसोड में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर थाना सिकसोड में अपराध क्रमांक 04/2026 के तहत धारा 64(1), 64(2)(एम), 65(1) भारतीय न्याय संहिता एवं 04, 06 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सिकसोड के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी/कर्मचारी:
उप निरीक्षक हेमलता परिहार, सउनि तुमेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक धनाजी मौर्य, आरक्षक अनिल तारम, सरजू नेताम एवं दीपा नाग।
कांकेर पुलिस की अपील:
महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 94791-55925 पर संपर्क करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

