अंतागढ़ क्षेत्र में मार्च माह का राशन नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन करने को होंगे बाध्य
अंतागढ़। क्षेत्र के ग्राम पंचायत हिमोडा एवं बुलावंड पंचायत समिति अंतर्गत संचालित उचित मूल्य की राशन दुकानों में मार्च माह का राशन समय पर उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राशन नहीं मिलने से नाराज़ हितग्राही पिछले कई दिनों से लगातार दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें हर बार निराशा ही हाथ लग रही है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण में हो रही देरी के कारण उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। कई परिवार ऐसे हैं जो पूरी तरह से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) पर निर्भर हैं, ऐसे में राशन नहीं मिलने से उनकी स्थिति और भी दयनीय हो गई है।

इस समस्या को लेकर आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द मार्च माह का राशन वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर सहित बद्रीनाथ गावड़े, विश्राम गावड़े, राकेश गुप्ता, रमेश बघेल, संतोष नाग एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि सभी हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जा सके।

