कांग्रेसी सीमित उपचुनावी परिणामों के आधार पर जनता के व्यापक जनादेश की गलत व्याख्या करने से बचे : जितेन्द्र मरकाम (जिला महामंत्री भाजपा)
लोकतंत्र में हार-जीत एक सतत प्रक्रिया है, देश और प्रदेश की जनता का विश्वास आज भी भाजपा और पीएम मोदी के नेतृत्व पर
अंतागढ़। हाल ही में संपन्न उपचुनावों के परिणामों को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री जितेन्द्र मरकाम ने कहा है कि कांग्रेस को सीमित उपचुनावी परिणामों के आधार पर जनता के व्यापक जनादेश की गलत व्याख्या करने से बचना चाहिए। लोकतंत्र में हार-जीत एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन देश और प्रदेश की जनता का विश्वास लगातार भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार 12 वर्षों से देश की राजनीति में जनविश्वास का केंद्र बनी हुई है। इस दौरान देश ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे अनेक ऐतिहासिक कार्यों को साकार होते देखा है। यही कारण है कि जनता ने बार-बार भाजपा को अपना समर्थन दिया है।

भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह भी याद रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने अनेक राज्यों में अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाई है। पूर्व में असंभव माने जाने वाले क्षेत्रों में भी भाजपा ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भाजपा ने बरसों से सत्ता में काबिज ममता सरकार को बेदखल सत्ता हासिल करना तथा दिल्ली सहित देशभर में भाजपा की जनस्वीकार्यता लगातार बढ़ी है। हाल के वर्षों में हुए लोकसभा और विभिन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जो कांग्रेस के दावों की वास्तविकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी जनता ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी को नकारते हुए भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया। प्रदेश में विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।
भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि उपचुनावों के परिणामों को वर्ष 2028 के चुनावों का संकेत बताना राजनीतिक अतिउत्साह मात्र है। जनता चुनाव दर चुनाव अपने अनुभव और विकास कार्यों के आधार पर निर्णय लेती है। आज देश के करोड़ों गरीबों को आवास, शौचालय, नल जल, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत और जनता का विश्वास है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच विकास और सेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी तथा जनता का आशीर्वाद और विश्वास भविष्य में भी भाजपा के साथ बना रहेगा। कांग्रेस को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है, क्योंकि केवल बयानबाजी से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता, बल्कि जनसेवा और विकास के कार्यों से ही जनता का समर्थन प्राप्त होता है।

