कोयलीबेड़ा के ग्रामीण अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर करेंगे सांसद निवास का घेराव
अंतागढ़, 3 जून। कोयलीबेड़ा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं लंबित विकास कार्यों के निराकरण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में सर्व आदिवासी समाज एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र के नागरिकों ने 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में 4 जून 2026 को अंतागढ़ स्थित सांसद निवास का घेराव एवं प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इस संबंध में सर्व आदिवासी समाज, ब्लॉक कोयलीबेड़ा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंतागढ़ को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की सूचना दी गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की मांग कर रही है। मांगों के निराकरण नहीं होने से क्षेत्र में भारी असंतोष व्याप्त है। बीते दो दिनों से क्षेत्रवासी अंतागढ़ स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर अपना विरोध भी दर्ज करा चुके हैं।

ज्ञापन के अनुसार, 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में 4 जून को सुबह 11 बजे माननीय सांसद भोजराज नाग के अंतागढ़ स्थित निवास का शांतिपूर्ण घेराव एवं प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि आंदोलन पूर्णतः लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र की समस्याओं को सांसद के समक्ष रखकर उनके निराकरण की मांग की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन सर्व आदिवासी समाज एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र के नागरिकों के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। प्रशासन से कार्यक्रम के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया गया है।
इस बीच क्षेत्र की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जारी आंदोलन के प्रस्तावित सांसद निवास घेराव को लेकर प्रशासनिक एवं राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

