अंतगढ़: प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद सरपंचों का धरना समाप्त, DMF के कार्यों को जल्द मिलेगी स्वीकृति
अंतगढ़ (छत्तीसगढ़)। अंतगढ़ के कुहचे चौक पर विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति को लेकर चल रहा जनप्रतिनिधियों और सरंपचों का धरना अंततः सातवें दिवस रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और ठोस आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कर आंदोलनकारियों को जल्द ही मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हुई संयुक्त चर्चा
कुहचे चौक स्थल पर आंदोलन कर रहे सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा करने के लिए अपर कलेक्टर अरुण वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अंतगढ़ राहुल रजक , अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) अंतगढ़ शुभम तिवारी, अतिरिक्त तहसीलदार एवं थाना प्रभारी अंतगढ़ रमेश जायसवाल संयुक्त रूप से पहुंचे।
प्रस्तावों की स्वीकृति में हो रही देरी का उठा मुद्दा
चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया कि पंचायतों द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर जिला डीएमएफ (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) शाखा में काफी समय पहले भेजा जा चुका है, लेकिन उनकी स्वीकृति मिलना अभी तक शेष है, जिसके कारण क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है।
आगामी 4 से 5 दिनों में अति-आवश्यक कार्यों को मिलेगी मंजूरी
जनप्रतिनिधियों की मांग पर अपर कलेक्टर (कांकेर) ने स्पष्ट किया कि वर्तमान ग्रीष्मकाल और आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जो भी अति-आवश्यक कार्य हैं, उन्हें आगामी 4 से 5 दिनों के भीतर स्वीकृत कर दिया जाएगा। इसके अलावा, अन्य अधोसंरचनात्मक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) कार्यों को आगामी 15 दिनों के भीतर डीएमएफ की शासी परिषद (Governing Council) से स्वीकृति एवं अनुमोदन प्राप्त कराया जाएगा। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि फंड की उपलब्धता और कार्य की तात्कालिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर मंजूर किया जाएगा।

आपसी सहमति से खत्म हुआ आंदोलन
प्रशासन की ओर से मिले इस लिखित और सकारात्मक आश्वासन के बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति बनी, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने अपना धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। उपस्थित लोगों के समक्ष ही यह पंचनामा लिखकर, पढ़कर सुनाया गया, जिस पर सभी ने सही मानकर अपने हस्ताक्षर किए।

