कभी नक्सलियों का गढ़ रहे बड़े धौसा में पहली बार पहुंचे विधायक, गायता जोहरानी जलसा में हुए शामिल
दो नदी पार कर मलमेटा पहुंचे विधायक विक्रम देव उसेंडी, ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में किया स्वागत

अंतागढ़। क्षेत्र के सुदूर एवं संवेदनशील माने जाने वाले बड़े धौसा में पहली बार आयोजित सेक्टर स्तरीय गायता जोहरानी जलसा कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विक्रम देव उसेंडी शामिल हुए। कभी नक्सल गतिविधियों के लिए चर्चित रहे इस इलाके में विधायक के पहुंचने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक धौसा से दो नदियां पार कर मलमेटा पहुंचे, जहां ग्रामीणों एवं क्षेत्र के गायता-पुजारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम में विधायक उसेंडी ने क्षेत्र की आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और देवी-देवताओं के प्रति आस्था को समाज की महत्वपूर्ण पहचान बताया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं।

लंबे समय बाद अपने बीच पहली बार विधायक को देखकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष महेश उइके, जनपद पंचायत अध्यक्ष मनोरमा मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष कुंबल भूसाखरे सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे गायता-पुजारी एवं जनमानस मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दे भी रखे। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वातावरण और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।

