मुख्य मार्ग पर कल होगा ‘महा चक्काजाम’, सरपंच संघ ने क्षेत्रवासियों से की अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
पांचवें दिन भी जारी धरना आंदोलन, क्षेत्रीय समस्याओं एवं अपनी मांगों के निराकरण को लेकर आंदोलन तेज
अंतागढ़। अंतागढ़ विकासखंड के 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा पिछले पांच दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। आंदोलन की अगली कड़ी के रूप में सरपंच संघ अंतागढ़ द्वारा शनिवार 23 मई 2026 को नगर के मुख्य मार्ग पर महा चक्काजाम आंदोलन करने की घोषणा की गई है। इस संबंध में सरपंच संघ द्वारा सार्वजनिक सूचना एवं आमंत्रण पोस्टर जारी कर क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

जारी सूचना के अनुसार सरपंच संघ अंतागढ़ (उत्तर बस्तर कांकेर) ने बताया है कि क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय एवं क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर यह विशाल आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। महा चक्काजाम कार्यक्रम शनिवार सुबह 7 बजे से लगातार अंतागढ़ नगर में प्रस्तावित है। सरपंच संघ ने सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी करवाकर आंदोलन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। सरपंच संघ का कहना है कि यह आंदोलन केवल पंचायत प्रतिनिधियों का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास, अधिकारों और लंबित समस्याओं के समाधान की लड़ाई है। इसलिए क्षेत्र के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से आंदोलन में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है। वहीं संघ द्वारा पोस्टर जारी कर संदेश दिया गया है कि – “यह लड़ाई हमारे हक और हमारे क्षेत्र के विकास की है। अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महा चक्काजाम को सफल बनाएं, आपकी उपस्थिति ही हमारी ताकत है।”
गौरतलब है कि अंतागढ़ में पिछले पांच दिनों से सरपंच संघ लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहा है और विभिन्न मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है इस दौरान सामूहिक इस्तीफा भी संघ के द्वारा दिया गया है । अब आंदोलन के चक्काजाम चरण में पहुंचने से प्रशासन की नजरें भी इस पूरे घटनाक्रम पर टिक गई हैं। सरपंच संघ ने इस अभियान को “अंतागढ़ महा-अभियान” का नाम देते हुए क्षेत्रीय समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग दोहराई है।

