अंतागढ़कांकेररायपुर

स्वामी आत्मानंद विद्यालय में मेरा युवा भारत (अंतागढ़ वॉलंटियर्स) द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

अंतागढ़। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (अंतागढ़ वॉलंटियर्स) के तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अंतागढ़ में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री गौतम सिन्हा, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा सभी ने पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम का नेतृत्व एवं प्रतिनिधित्व मेरा युवा भारत (अंतागढ़ वॉलंटियर्स) के अध्यक्ष त्रिवेंद्र बघेल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल पर्यावरण को ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य को भी संवारता है।

विद्यालय के प्राचार्य श्री गौतम सिन्हा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में मेरा युवा भारत (अंतागढ़ वॉलंटियर्स) द्वारा विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करने का संकल्प लिया गया।